77 Views
उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित मध्यमहेश्वर मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यह न केवल एक दिव्य और शांत तीर्थस्थल है, बल्कि इसे धरती का स्वर्ग भी कहा जाता है। पंचकेदार में द्वितीय स्थान रखने वाला यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और प्रकृति के अद्भुत संगम का प्रतीक भी है। यह धाम चारों ओर से हरे-भरे बुग्यालों, बर्फीली चोटियों और निर्मल वातावरण से घिरा हुआ है जो तीर्थयात्रियों को एक अलौकिक अनुभव देता है।
कहां स्थित है यह मंदिर?
मध्यमहेश्वर (मद्महेश्वर) मंदिर के लिए रांसी गांव से पैदल यात्रा प्रारंभ होती है। यह यात्रा लगभग 16-18 किलोमीटर लंबी और कठिन है। यह मार्ग भले ही कठिन हो, लेकिन रास्ते में मिलने वाले प्राकृतिक दृश्य-हरे-भरे घास के मैदान, बहती नदियाँ और दुर्लभ दृश्य यात्रा को आनंदमय बना देते हैं। अक्टूबर-नवम्बर में बर्फ़बारी का मौसम शुरू होने के बाद मंदिर को शीतकाल के लिए बंद कर दिया जाता है। भगवान शिव का शीतकालीन प्रवास ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में है।
क्या है मंदिर की विशेषता?
इस मंदिर की सबसे बड़ी खास बात यह है कि यहां भगवान शिव के ‘मध्य भाग’ (नाभि) की लिंग रूप में पूजा होती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार पंचकेदार के पांचों स्थलों में भगवान शंकर के अलग-अलग अंग प्रकट हुए थे और द्वितिय केदार मध्यमहेश्वर में उनका मध्य भाग प्रकट हुआ था। प्रथम केदार केदारनाथ, तृतीय केदार तुंगनाथ, चौथा केदार रुद्रनाथ और पांचवा केदार कल्पेश्वर माना जाता है। यहां का शिवलिंग अन्य स्थानों की तुलना में अलग और विशेष माना जाता है। यहां पर शिवलिंग को स्पर्श करने की मनाही जरूर है परंतु श्रद्धालु मात्र शिवलिंग के दर्शन से मंत्रमुग्ध हो जाते है। । शिवलिंग पुरुष (शिव) और प्रकृति/शक्ति (पार्वती) के मिलन का प्रतीक है, जो इस बात का संदेश देता है कि स्त्री और पुरुष समान हैं और उनके बिना सृष्टि अधूरी है।मंदिर परिसर में शिव परिवार के साथ ही माता सरस्वती की प्रतिमा विराजमान हैं। मंदिर के पास ही पितृशिला है जहां श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए अनुष्ठान करते हैं। साथ ही यहां आदिशक्ति के रूप में मां गौरा का भी मंदिर है। यहां मौजूद सरस्वती कुंड इस स्थान की आध्यात्मिक महत्ता को और बढ़ाता है। इसके अलावा मंदिर से लगभग 2 किलोमीटर ऊपर 'बूढ़ा मदमहेश्वर' है, जहां से हिमालय की चौखंबा चोटियों का भव्य दृश्य दिखाई देता है। कहा जाता है कि 'बूढ़ा मध्यमहेश्वर', मध्यमहेश्वर धाम का मूल और पौराणिक स्थल है, जिसे 'बूढ़ा केदार' भी कहा जाता है।
क्या है मंदिर की मान्यताएं?
मध्यमहेश्वर मंदिर की कथा महाभारत से जुड़ी हुई है। पांडव जब कुरुक्षेत्र युद्ध के बाद अपने पापों से मुक्ति पाने के लिए भगवान शिव की खोज में निकले, तब शिव उनसे नाराज़ होकर बैल का रूप धारण कर अंतर्ध्यान हो गए। बाद में उनके शरीर के विभिन्न अंग पांच स्थानों पर प्रकट हुए, जिनमें मध्यमहेश्वर में उनका मध्य भाग प्रकट हुआ। जिसके बाद भगवान शंकर के दर्शन पाकर पांडव अभिभूत हो गए और अपने किए गए पापों का प्रायश्चित करने लगे। उनकी इस समर्पण और भक्ति भाव को देखकर भगवान शंकर ने उन्हें न केवल क्षमा किया, बल्कि उन्हें पापमुक्त भी कर दिया। इन पांचों स्थलों पर पांडवों ने भगवान शंकर की पूजा, अर्चना और आराधना हेतु मंदिर का निर्माण किया था।
ऐसा कहा जाता है कि यहां सच्चे मन से की गई पूजा और तपस्या से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और उसे आत्मिक शांति प्राप्त होती है। साथ ही, यह भी कहा जाता है कि पंचकेदार धाम की यात्रा करने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग मिलता है।
जो भी श्रद्धालु इस धाम तक पहुंचता है, वह एक अलग ही शांति और ऊर्जा का अनुभव करता है। प्रातः और संध्या आरती के समय में घंटियों की ध्वनि और “हर हर महादेव” के जयकारे मन को भक्ति में डुबो देते हैं। कई श्रद्धालु बताते हैं कि यहां आकर उन्हें मानसिक सुकून, आत्मिक संतुलन और एक नई ऊर्जा का अनुभव होता है, जो अक्सर जीवन की भागदौड़ में कहीं पीछे छूट जाता है।

