48 Views
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी, प्रबोधिनी एकादशी और देवउठनी ग्यारस के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की #ekadashi एकादशी को मनाया जाने वाला यह पावन पर्व भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का प्रतीक है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी (देवशयनी एकादशी) से भगवान नारायण चार माह के लिए क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं और देवउठनी एकादशी पर जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह, गृहप्रवेश सहित मांगलिक कार्यों की पुनः शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है। इस दिन का संदेश केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में नई ऊर्जा, शुभ संकल्प और मांगलिक कार्यों के शुभारंभ का भी प्रतीक है।
कैसे जागते हैं भगवान नारायण, क्या है देवउठान की परंपरा ?
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु #bhagwanvishnu को विधि-विधान से जगाने की परंपरा है। इसके लिए घर के आंगन अथवा पूजा स्थल पर गेरू और चावल के आटे से सुंदर चौक बनाया जाता है। भगवान विष्णु के चरण चिह्न अंकित किए जाते हैं। कई स्थानों पर गन्ने के चार स्तंभों से मंडप बनाकर उसे फूलों, रंगोली और दीपों से सजाया जाता है। ये अपनी लोक मान्यताओं पर भी निर्भर करता है की देवउठान कैसे बनाया या पूजा जाए।
चौक के पास गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, बेर, ऋतु फल, मिठाई, फूल और पूजन सामग्री रखी जाती है। भगवान विष्णु की प्रतिमा अथवा शालिग्राम जी का पूजन कर धूप, दीप, चंदन, पुष्प, अक्षत और तुलसी दल अर्पित किया जाता है। पर ध्यान रहे एकादशी पर तुलसी पत्र तोडा नहीं जाता इसलिए एक दिन पूर्ण ही तुलसी पत्र तोड़ कर रख लिया जाता है। संध्या अथवा रात्रि में शंख, घंटा और थाली बजाकर भगवान को जगाया जाता है। इस अवसर पर पारंपरिक रूप से 'उठो देवा, बैठो देवा' के मंगलगीत गाए जाते हैं।
भगवान को जगाने के लिए यह मंत्र भी बोला जाता है-
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥
इसका भाव है कि हे जगत के स्वामी गोविंद! जागिए और अपनी योगनिद्रा का त्याग कीजिए। आपके जागने से संपूर्ण संसार में शुभता और मंगल का संचार हो।
मांगलिक कार्यों की होती है पुनः शुरुआत
चातुर्मास में विवाह, गृहप्रवेश और अन्य मांगलिक संस्कारों को परंपरागत रूप से स्थगित रखा जाता है। देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के बाद विवाह के शुभ मुहूर्तों का क्रम फिर से आरंभ होता है। हालांकि विवाह आदि संस्कारों की वास्तविक तिथि और मुहूर्त पंचांग तथा स्थानीय परंपरा के अनुसार निर्धारित किए जाते हैं।
तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व
देवउठनी एकादशी #devuthaniekadashi के साथ तुलसी विवाह का उत्सव भी जुड़ा हुआ है। इसमें माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ कराया जाता है। तुलसी को लाल चुनरी, चूड़ियां, सिंदूर और आभूषणों से सजाया जाता है। गन्ने का मंडप बनाकर भगवान शालिग्राम को वर के रूप में विराजमान किया जाता है। इसके बाद विवाह की रस्में, कन्यादान, मंगलगीत और फेरे संपन्न होते हैं।
धार्मिक मान्यता है कि तुलसी-शालिग्राम विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है तथा परिवार में सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में मंगल बना रहता है। अलग-अलग क्षेत्रों में यह विवाह एकादशी, द्वादशी अथवा कार्तिक पूर्णिमा तक किसी भी निर्धारित दिन (तिथि) पर किया जाता है।
दान-पुण्य और व्रत का शास्त्रोक्त विधान
पद्म पुराण के उत्तरखंड में कार्तिक मास, प्रबोधिनी एकादशी, भगवान विष्णु की पूजा, रात्रि जागरण और दीपदान का विशेष माहात्म्य बताया गया है। इस दिन श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र, फल, गुड़, तिल, दीपक और दक्षिणा का दान करते हैं। जरूरतमंदों को भोजन कराना, गौसेवा करना और ब्राह्मणों एवं संतों का सम्मान करना भी पुण्यदायी माना गया है।
एकादशी व्रत में अन्न और चावल का सेवन वर्जित रखने की मान्यता है। श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार निर्जल, फलाहार अथवा सात्त्विक व्रत रखते हैं। द्वादशी तिथि पर उचित पारण मुहूर्त में व्रत खोलने का विधान है।
देवी लक्ष्मी और नारायण की वंदना
इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा का भी विशेष महत्व है। भगवान को पीले पुष्प, पीतांबर, तुलसी दल, चंदन और पंचामृत अर्पित करें। माता लक्ष्मी को कमल पुष्प, सुगंधित पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य समर्पित करें।
भगवान विष्णु के समक्ष 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' तथा माता लक्ष्मी के समक्ष 'ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः' मंत्र का जाप करना चाहिए। इसके बाद विष्णु सहस्रनाम, श्रीसूक्त और लक्ष्मी-नारायण की आरती करके परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना करें।
पंच दिवसीय कार्तिक स्नान और प्रभात फेरी का महत्व

