16 Views
गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के प्रति प्रेम, सेवा और सम्मान का प्रतीक है। मान्यता है कि इसी दिन बालक श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दिन गौ माता और बछड़ों की पूजा करने से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
श्रद्धालुओं के लिए #gopashtami का विशेष महत्व है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है जो इस बार 17 नवंबर (मंगलवार) को मनाई जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण का बचपन गायों और ग्वाल-बालों के बीच बीता था। उन्हें गायों से विशेष प्रेम था, इसलिए वे गोपाल (गायों की देखभाल करने वाले) और गोविंद (गायों को प्रसन्न करने वाले) नाम से भी श्रद्धालुओं को अति प्रिय हैं। आइए जानते हैं इस पर्व का महत्व।
गोपाष्टमी का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान #shrikrishna बचपन में बछड़ों को चराने जाया करते थे। जब वे छह वर्ष के हुए, तो उन्होंने गायों को भी चराने की इच्छा जताई। नंद बाबा की अनुमति मिलने के बाद कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन उन्होंने पहली बार गायों को चराने के लिए वन की ओर प्रस्थान किया। इसी परिघटना के सम्मान और आस्था में गोपाष्टमी मनाई जाती है। हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। मान्यता है कि गौ माता की सेवा और पूजा करने से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं। हिंदू धर्म ग्रंथों में गाय को देवी लक्ष्मी, शक्ति और पोषण का प्रतीक माना गया है। श्रीकृष्ण की प्रिय गाय का नाम सुरभि (कामधेनु) था, जिसे दिव्य और चमत्कारी माना जाता है।
गोपाष्टमी की पूजा विधि
गोपाष्टमी के दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद गौ माता और बछड़ों को स्नान कराकर उन्हें फूलों की माला पहनाएं। #gaumata को रोली, हल्दी और अक्षत से तिलक लगाएं। धूप-दीप जलाकर फूल और जल अर्पित करें। गुड़, हरा चारा और फल खिलाएं। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करके परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें।
गोपाष्टमी की पौराणिक कथा
कथा के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण छह वर्ष के हुए, तो एक दिन उन्होंने माता यशोदा से कहा, मैय्या, अब हम बड़े हो गए हैं। अब हम बछड़े नहीं, गाय चराने जाएंगे। माता यशोदा ने कहा कि पहले नंद बाबा से अनुमति ले लो। श्रीकृष्ण तुरंत अपने पिता के पास पहुंचे, लेकिन नंद बाबा ने उन्हें छोटा समझकर गाय चराने की अनुमति नहीं दी।
किंतु बालक कन्हैया का गौ माता से इतना लगाव देख नंद बाबा ने उन्हें गौ माता को चराने की न केवल अनुमति दी बल्कि नंद बाबा ने पंडित जी को बुलाकर गौ-चारण का शुभ मुहूर्त निकलवाने को कहा। श्रीकृष्ण ने पंडित जी से आग्रह किया कि वह आज का ही मुहूर्त बताएं। पंडित जी ने पंचांग देखकर बताया कि आज के अलावा पूरे एक वर्ष तक कोई शुभ मुहूर्त है भी नहीं ।
बिना जूतियां पहने गायों के साथ निकले कान्हा
माता यशोदा ने श्रीकृष्ण का सुंदर श्रृंगार किया और पैरों में जूतियां पहनाने लगीं। लेकिन कान्हा ने मना कर दिया। उन्होंने कहा, मैय्या, जब मेरी गायें जूती नहीं पहनतीं, तो मैं कैसे पहन सकता हूं? पहले मेरी सभी गायों को जूती पहना दो।
इसके बाद श्रीकृष्ण बिना जूती पहने गायों के साथ वन की ओर निकल पड़े। आगे गायें चल रही थीं और पीछे बांसुरी बजाते हुए कान्हा, बलराम और ग्वाल-बाल थे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्रीकृष्ण हर एक गाय को उसके नाम से पुकारते थे और जब वे बांसुरी बजाते या पुकारते थे, तो गायें दौड़ी चली आती थीं। इसी दिन से भगवान की गौ-चारण लीला शुरू हुई, जिसे सनातन धर्म में एक पावन और पुण्यदायक अवसर के रूप में मान्यता मिली । गोलोक को 'गाय लोक' कहा गया है, और सनातन धर्म में गौसेवा तथा गोरक्षा को सबसे बड़ा पुण्य एवं कर्तव्य बताया गया है।
"नमो ब्रह्मण्यदेवाय गोब्राह्मणहिताय च।
जगद्विताय कृष्णाय गोविन्दाय नमो नमः॥"
(जो ब्राह्मणों के आराध्य देव हैं, गाय और ब्राह्मणों का कल्याण करने वाले हैं, तथा संपूर्ण जगत का हित करने वाले हैं, उन भगवान श्रीकृष्ण और गोविंद को बार-बार नमस्कार है।)

